मंदिर के पास मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट, 18 कमरों में मिले 20 बेड
छिंदवाड़ा के चंदनगांव इलाके में कृष्ण मंदिर के बिल्कुल पास स्थित एक तीन मंजिला मकान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी अजय पांडे के सीधे निर्देश पर हुई इस छापेमारी में जो सामने आया, वो चौंकाने वाला था। पुलिस को मौके से दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध हालत में मिली हैं। साथ ही कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल मकान के संचालक पंडित अनिल कुमार द्विवेदी को हिरासत में ले लिया गया है।
18 कमरों में 20 बेड देख दंग रह गई पुलिस
जब पुलिस की टीम इस तीन मंजिला मकान की तलाशी लेने पहुंची, तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। पूरे मकान में कुल 18 कमरे थे और उनमें 20 बेड लगे हुए मिले। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पंडित अनिल कुमार द्विवेदी पिछले कई महीनों से इस मकान में गलत काम करवा रहा था। इस वजह से पूरे इलाके का माहौल खराब हो गया था और आसपास रहने वाले लोग परेशान थे।
5 बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई थी कार्रवाई
गुरुवार की सुबह एक बार फिर जब एक युवक और युवती को मकान में घुसते देखा गया, तो पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सबसे पहले उन्होंने कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार को फोन किया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परेशान होकर स्थानीय लोगों ने सीधे एसपी अजय पांडे से संपर्क किया और पूरी बात बताई। एसपी के आदेश मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची और छापेमारी की।
यह पहली शिकायत नहीं थी। स्थानीय लोगों ने पिछले दो महीनों में 5 से ज्यादा बार पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी दी थी। 4 नवंबर को जनसुनवाई में भी यह मामला उठाया गया था और 17 नवंबर को सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। लेकिन हर बार कोतवाली पुलिस सिर्फ खानापूर्ति करके चली जाती थी।
पुलिस के जाते ही फिर शुरू हो जाता था ‘धंधा’
पड़ोसियों का आरोप है कि जब भी पहले पुलिस आती थी, तो बस औपचारिकता निभाकर वापस चली जाती थी। पुलिस के जाने के कुछ देर बाद ही फिर से युवक-युवतियों का आना-जाना शुरू हो जाता था। इससे इलाके के लोगों में गुस्सा और निराशा बढ़ती जा रही थी। लेकिन अब जाकर कहीं उन्हें राहत मिली है।
क्षेत्रवासियों ने एसपी कार्यालय का धन्यवाद देते हुए कहा कि कई महीनों की परेशानी के बाद आखिरकार पुलिस ने असली कार्रवाई की है। लोगों ने यह भी कहा कि अगर ऊपर से दखल नहीं होता, तो शायद यह कार्रवाई कभी नहीं होती और यह सब चलता ही रहता।
Comments
Post a Comment